हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार के खिलाफ चौतरफा हमला बोला है। सुंदरनगर में भाजपा के पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ के संगठनात्मक जिला स्तरीय सम्मेलन को संबोधित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में जयराम ठाकुर ने सरकार की कार्यप्रणाली, कर्मचारियों की अनदेखी, बदहाल बुनियादी ढांचे और हाल ही में सामने आई कैग की रिपोर्ट को लेकर राज्य सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार का ध्यान जनहित के सरोकारों से पूरी तरह भटक चुका है और मुख्यमंत्री का एकमात्र एजेंडा अपनी कुर्सी बचाना रह गया है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक की हालिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि इसमें राज्य के वित्तीय प्रबंधन को लेकर बेहद चौंकाने वाले तथ्य उजागर हुए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह रिपोर्ट वर्तमान कांग्रेस सरकार के कार्यकाल और उसकी कार्यप्रणाली पर आधारित है। जयराम ठाकुर ने बताया कि वे और उनकी टीम इस रिपोर्ट के हर पहलू और आंकड़े का गहराई से विस्तृत अध्ययन कर रहे हैं। अध्ययन पूरा होने के बाद तथ्यों और सबूतों के साथ पूरी स्थिति को प्रदेश की जनता के सामने रखा जाएगा, ताकि सरकार की वित्तीय कुप्रबंधन और अनियमितताओं की पोल खुल सके।