पंचायत प्रतिनिधियों की कार्यकुशलता बढ़ाने और उन्हें पंचायत स्तर पर होने वाले विकास कार्यों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से आयोजित चार दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के दूसरे चरण का शुभारंभ सोमवार को विकास खंड धर्मपुर में किया गया। शिविर का शुभारंभ बीडीओ धर्मपुर सौरभ ठाकुर ने किया। इस अवसर पर बीडीओ सौरभ ठाकुर ने पंचायत प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। पंचायत प्रतिनिधियों को अपने अधिकारों, कर्तव्यों और पंचायतों में संचालित की जा रही विभिन्न विकास योजनाओं की सही जानकारी होना आवश्यक है। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिनिधियों को पंचायत के कार्यों को बेहतर ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी। चार दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों को पंचायतों में करवाए जाने वाले विभिन्न विकास कार्यों, विकास योजनाओं के क्रियान्वयन, पंचायत स्तर पर कार्यों की प्रक्रिया, वित्तीय प्रबंधन, पंचायत के रिकॉर्ड एवं दस्तावेजों के रखरखाव सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी विशेषज्ञों द्वारा दी जाएगी। बीडीओ सौरभ ठाकुर ने पंचायत प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण शिविर में पूरी गंभीरता के साथ भाग लें और यहां दी जाने वाली जानकारी को अपनी-अपनी पंचायतों में प्रभावी ढंग से लागू करें। उन्होंने कहा कि पंचायतों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को गति देने के लिए प्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है।