युवाओं को तंबाकू की लत से बचाने और समाज को तंबाकू मुक्त बनाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग कुल्लू ने सोमवार को तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 का जिला स्तरीय शुभारंभ किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कुल्लू डॉ. रणजीत सिंह ठाकुर ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और युवाओं से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। डॉ. रणजीत सिंह ठाकुर ने कहा कि तंबाकू का सेवन युवा पीढ़ी के स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। सिगरेट, बीड़ी, गुटखा, खैनी और ई-सिगरेट जैसे उत्पाद कैंसर, हृदय रोग और फेफड़ों से जुड़ी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकते हैं। ऐसे में युवाओं को इनकी लत से बचाने के लिए जागरूकता के साथ सामूहिक प्रयास करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि तंबाकू नियंत्रण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज का सामूहिक दायित्व भी है। परिवार, शिक्षण संस्थानों और पंचायतों को मिलकर युवाओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना होगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर इस अभियान का शुभारंभ 28 अक्तूबर को नई दिल्ली में किया गया था। यह 60 दिवसीय अभियान 26 दिसंबर तक चलेगा। जिला कुल्लू में अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों और पंचायतों में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान शैक्षणिक संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाने के साथ-साथ गांवों को भी तंबाकू मुक्त करने पर विशेष जोर रहेगा। विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, ताकि विद्यार्थियों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी जा सके। अभियान के दौरान तंबाकू नियंत्रण अधिनियम के प्रावधानों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा सामाजिक माध्यमों के जरिए युवाओं को अभियान से जोड़ने की पहल की जाएगी। डॉ. ठाकुर ने कहा कि प्रयास होना चाहिए कि कोई भी बच्चा या युवा तंबाकू सेवन की शुरुआत न करे। वहीं, जो लोग पहले से तंबाकू का सेवन कर रहे हैं, उन्हें इस आदत को छोड़ने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। उन्होंने अभियान को सफल बनाने के लिए सभी वर्गों से सहयोग की अपील की।