खराहल क्षेत्र में पेयजल समस्या को लेकर लोगों की नाराजगी बढ़ती जा रही है। बारी पधर में जल शक्ति विभाग की अनदेखी और लंबे समय से बनी पेयजल किल्लत के मुद्दे पर स्थानीय लोगों ने बैठक कर आगे की रणनीति तैयार की। बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद सदस्य अनिल राणा ने की। इसमें क्षेत्र के लोगों ने अपनी समस्याएं और नाराजगी खुलकर रखी। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि एक बार फिर जल शक्ति विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया जाएगा। उनसे क्षेत्र में पेयजल समस्या के समाधान के लिए लंबित कार्यों की वास्तविक स्थिति और उन्हें पूरा करने की समय-सीमा के बारे में जानकारी मांगी जाएगी। जिला परिषद सदस्य अनिल राणा ने कहा कि यदि विभाग से संपर्क करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होता है तो क्षेत्र की जनता को साथ लेकर आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। बैठक में मौजूद लोगों ने स्पष्ट किया कि उन्हें केवल आश्वासन नहीं चाहिए, बल्कि पेयजल समस्या का स्थायी समाधान चाहिए। ग्रामीणों ने विभाग से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की।