ऐतिहासिक किसान संघर्ष की छठी वर्षगांठ के अवसर पर हिमाचल किसान सभा जिला कांगड़ा ने धर्मशाला में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान किसान सभा ने केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए किसानों और मजदूरों से जुड़ी लंबित मांगों को पूरा करने की मांग उठाई। प्रदर्शन के माध्यम से संगठन ने भूमि अधिकार, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी), मनरेगा और श्रमिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। किसान सभा ने मांग की कि किसानों के पुश्तैनी कब्जों को नियमित किया जाए, चाहे वे वन भूमि पर हों या शामलात भूमि पर। सभा का कहना है कि लंबे समय से जमीन पर काबिज परिवारों को उनके अधिकार मिलने चाहिए। प्रदर्शन के दौरान वन अधिकार अधिनियम 2006 के तहत आवेदन जमा करवाने वाले लोगों के मामलों में तुरंत कार्रवाई करने की मांग उठाई गई। किसान सभा ने कहा कि पात्र आवेदकों को जल्द पट्टे जारी किए जाने चाहिए, ताकि उनके भूमि अधिकारों से जुड़े मामलों का समाधान हो सके। किसान सभा ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के मुद्दे पर किसानों को उचित लाभ सुनिश्चित करने की मांग की। इसके साथ ही मनरेगा को बहाल करने और मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) को रद्द करने की मांग भी उठाई गई। संगठन ने चार श्रम संहिताओं को वापस लेने और एसआईआर रद्द करने की मांग भी रखी। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि किसानों और मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए सरकार को इन मुद्दों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। प्रदर्शन के अंत में हिमाचल किसान सभा ने जिला उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। इसमें किसानों की भूमि, रोजगार, कृषि उपज के उचित मूल्य और श्रमिक अधिकारों से संबंधित मांगों को उठाते हुए उनके समाधान की अपील की गई।