हमीरपुर जिले के अधिकांश क्षेत्रों में पिछले दो दिनों के दौरान हुई बारिश ने व्यापक नुकसान पहुंचाया है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के जिला एमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (डीईओसी) में 11.25 करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया है। एडीसी अभिषेक गर्ग ने बताया कि बारिश के कारण भोटी क्षेत्र में सुनील कुमार का कच्चा मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है। वहीं, बड़सर के अमरनाथ और कोहलवीं के प्यार चंद की एक-एक गोशाला ध्वस्त हो गई। बारिश से सबसे अधिक नुकसान लोक निर्माण विभाग को हुआ है। विभाग की विभिन्न परिसंपत्तियों और सड़कों को करीब दस करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है। इसके अलावा जल शक्ति विभाग की विभिन्न योजनाओं को लगभग 1.24 करोड़ रुपये और बिजली की लाइनों को करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है।