मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के गायनी वार्ड में इन दिनों गर्मी मरीजों का पसीना छुड़ा रही है। वार्ड में पंखों की संख्या भले ही पर्याप्त बताई जा रही हो, लेकिन उमस और बढ़ते तापमान के आगे इनकी हवा भी बेअसर साबित हो रही है। हालात ऐसे बने कि मरीजों को गर्मी से राहत पाने के लिए अपना पंखा, अपनी हवा का इंतजाम करना पड़ा। गर्मी से परेशान कुछ मरीजों और उनके तीमारदारों ने वार्ड में अपने स्तर पर टेबल पंखे लगा लिए हैं। अब वार्ड में सरकारी पंखों के साथ निजी टेबल पंखे भी मरीजों को राहत पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। मरीजों ने बताया कि दिन के समय गर्मी और उमस अधिक बढ़ जाती है। ऐसे में छत पर लगे पंखे हवा तो कर रहे हैं, लेकिन गर्मी कम नहीं हो रही। खासकर गायनी वार्ड में भर्ती मरीजों के लिए यह परेशानी और बढ़ जाती है। एक ओर अस्पताल के पंखे लगातार चल रहे हैं, तो दूसरी ओर मरीज अपने साथ लाए टेबल पंखों से राहत की हवा तलाश रहे हैं। मेडिकल कॉलेज में पर्याप्त संख्या में पंखें लगाए गए हैं। मरीजों को बेहतर सुविधाएं दी जा रही हैं।-डॉ. देशराज शर्मा, चिकित्सा अधीक्षक, मेडिकल कॉलेज हमीरपुर।