राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मुंडखर में खंड स्तरीय अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता शुरू हुई। कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष रामचंद्र पठानिया ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। खेलकूद प्रतियोगिता में 35 स्कूलों के लगभग 370 विद्यार्थी कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, शतरंज आदि स्पर्धाओं में भाग ले रहे हैं। रामचंद्र पठानिया ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में खेलों का बहुत ज्यादा महत्व होता है। इनके माध्यम से बच्चों में कई ऐसे गुण विकसित होते हैं जो कि उन्हें जीवन में आगे बढ़ने में काफी सहायक सिद्ध होते हैं। युवाओं को नशे से बचाने के लिए मुख्यमंत्री ने चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान शुरू किया है। सभी लोगों, विशेषकर युवाओं को इस अभियान में सक्रिय योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुंडखर स्कूल में 2.77 लाख रुपये की लागत से बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण किया जाएगा। इस अवसर पर मेजबान पाठशाला के प्रधानाचार्य ओंकार देव ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों, टीम प्रभारियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा प्रतियोगिता की विस्तृत जानकारी दी। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। उद्घाटन समारोह में एडीपीईओ अश्वनी कुमार, प्रतियोगिता के समन्वयक अशोक शर्मा, सहायक समन्वयक राजीव शर्मा, स्थानीय पंचायत प्रधान नरिंतला देवी, बीडीसी सदस्य संतोष कुमारी, जीवन दत्त शर्मा लक्की, मुकेश बन्याल और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।