मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को हमीरपुर जिला के नादौन क्षेत्र के मझयार में सेरा से हमीरपुर के लिए नए बस रूट का शुभारंभ किया। इस बस सेवा के शुरू होने से हमीरपुर, नादौन, सेरा तथा आसपास के कई गांवों के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है। इस नए बस रूट से क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और लोगों को सुविधाजनक, विश्वसनीय एवं सुलभ परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार 1,000 इलेक्ट्रिक बसों की खरीद करेगी। आने वाले वर्षों में भी निगम के बेड़े में और इलेक्ट्रिक बसें शामिल करने की प्रक्रिया जारी रहेगी, ताकि एचआरटीसी को चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक परिवहन व्यवस्था की ओर अग्रसर किया जा सके।