राजकीय उच्च पाठशाला बाड़ी में शनिवार को वार्षिक उत्सव धूमधाम से मनाया गया। समारोह में मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए। शिक्षकों, विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण आर्थिकी के सुदृढ़ीकरण के लिए कई सराहनीय निर्णय लिए हैं।कुछ माह पहले उन्होंने बाड़ी-फरनोल क्षेत्र का दौरा किया था और उस दौरान स्थानीय लोगों ने कई छोटी-छोटी समस्याएं उनके समक्ष रखीं थीं। जिनका समाधान करवा दिया गया है। समारोह में विद्यार्थियों ने पहाड़ी नाटी, पंजाबी गिद्दा भांगड़ा, समूह गान, लोक गीत, राजस्थानी नृत्य सहित अन्य रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। स्कूल मुख्यध्यापक डॉ. अंजलि शर्मा स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर वर्षभर की गतिविधियों का ब्योरा प्रस्तुत किया।