जिला कांगड़ा में गुरुवार सुबह से मौसम खराब रहा। धौलाधार सहित त्रियूंड की पहाड़ियों पर हिमपात का दौर जारी रहा। इसके अलावा मैदानी इलाकों में भी हल्की बारिश शुरू हुई। बारिश से किसानों को राहत मिली है। बारिश गेहूं सहित अन्य फसलों और फलदार पौधों के लिए संजीवनी का काम करेगी। सुबह से जिले भर में ठंड का प्रकोप जारी रहा। बाजारों में रौनक भी कम रही और लोगों में ठंड से राहत के लिए आग का सहारा लिया। धर्मशाला में सुबह हल्के ओले भी पड़े। बारिश के कारण शुष्क ठंड से भी निजात मिलेगी।