खाने-पीने के बहाने कमरे में बुलाकर 72 वर्षीय बुजुर्ग से मारपीट करने के मामले में गांव काकेला के ग्रामीणों ने बुधवार को उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और एक ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा। प्रदर्शन की अगुवाई प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जय सिंह ने की। ग्रामीणों और परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि गांव काकेला निवासी बुजुर्ग को आरोपी ने खाने-पीने के बहाने कमरे में बुलाया और वहां उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान परिजनों में दुनी चंद, सोनू राम, तिलक राज, पवन कुमार, राकेश कुमार, दुर्गा देवी, चीनो देवी, सीमा देवी और रीना देवी समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। एसएचओ रमन चौधरी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने बताया कि मामले की जांच को लेकर पुलिस को जरुरी दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।