चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बग्गा स्थित रावी नदी के पुल को एक सप्ताह बाद वीरवार को वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल कर दिया गया। पुल पर लोहे की प्लेटें हिलने के कारण सुरक्षा के मद्देनजर यातायात बंद कर दिया गया था। मार्ग बहाल होने से वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। बग्गा पुल पर बिछाई गई लोहे की प्लेटें हिलने से हादसे का खतरा पैदा हो गया था। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने एनएचपीसी प्रबंधन को आवश्यक निर्देश जारी किए थे। एहतियात के तौर पर पुल पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई थी। इस दौरान यातायात को डैम मार्ग से डायवर्ट किया गया, जिससे वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्ते से आवागमन करना पड़ रहा था। इसके बाद हाईवे प्रबंधन की ओर से पुल की क्षतिग्रस्त प्लेटों की मरम्मत का कार्य करवाया गया। मरम्मत पूरी होने के बाद वीरवार को पुल को दोबारा यातायात के लिए खोल दिया गया। हाईवे प्रबंधन के साइट इंचार्ज साहिल ने बताया कि बग्गा पुल की लोहे की प्लेटों की मरम्मत करवा दी गई है। इसके बाद पुल पर वाहनों की आवाजाही बहाल कर दी गई है।