हिमाचल प्रदेश में नशा निवारण केंद्रों की व्यवस्थाओं को परखने और उपचाराधीन मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए राज्य नशा निवारण बोर्ड ने औचक निरीक्षण शुरू कर दिए हैं। इसी कड़ी में शनिवार को राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर ने घुमारवीं उपमंडल के भगेड़ स्थित नशा निवारण केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्र की व्यवस्थाएं सामान्य रूप से संतोषजनक पाई गईं, लेकिन कुछ कमियां भी सामने आईं। उन्होंने केंद्र प्रबंधन को इन कमियों को जल्द दूर करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को उपचार के दौरान बेहतर सुविधाएं मिल सकें। नरेश ठाकुर ने स्टेट सीआईडी इंचार्ज कपिल और उनकी टीम के साथ केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ विभिन्न फाइलों, रिकॉर्ड और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। निरीक्षण में मरीजों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं, साफ-सफाई, खानपान, बाथरूम और उनके रहने के स्थान का भी बारीकी से आकलन किया गया।