फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यमुनानगर में 300 ग्राम हेरोइन के साथ पानीपत का युवक गिरफ्तार, बस से 300 ग्राम हेरोइन लेकर यमुनानगर पहुंचा युवक

एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए यमुनानगर बस स्टैंड के नजदीक ग्रीन पार्क से एक युवक को 300 ग्राम हेरोइन (स्मैक) सहित गिरफ्तार किया है। बरामद नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपी की पहचान पानीपत के जलालपुर निवासी दानिश पुत्र दिलशाद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर लिया गया है। पुलिस आरोपी से नशे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है। डीएसपी रजत गुलिया ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के निर्देश पर जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स सेल के इंचार्ज अनिल कुमार को सूचना मिली थी कि यमुनानगर बस स्टैंड के पास ग्रीन पार्क में एक युवक नशीला पदार्थ बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना के आधार पर उप निरीक्षक सतीश कुमार के नेतृत्व में एएसआई जसवीर सिंह, कुलदीप सिंह, मनजीत, रवि दत्त, सोनू और आशीष की टीम गठित की गई। टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर संदिग्ध युवक को काबू कर लिया। तलाशी की कार्रवाई के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट व्यासपुर के नायब तहसीलदार रविंदर को मौके पर बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में युवक की तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से 300 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। बस से नशीला पदार्थ लेकर आया था आरोपी पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दानिश पानीपत से बस में नशीला पदार्थ लेकर यमुनानगर आया था। बस स्टैंड पर उतरने के बाद वह किसी व्यक्ति को हेरोइन की खेप पहुंचाने के इंतजार में खड़ा था। इससे पहले कि वह खेप की डिलीवरी कर पाता, पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर उसे दबोच लिया। डीएसपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी नशा तस्करी का एक मामला दर्ज है, जो अदालत में विचाराधीन है। पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपी से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह हेरोइन कहां से लेकर आया था और यमुनानगर में इसकी डिलीवरी किसे देने वाला था। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें