सोनीपत। राजलूगढ़ी-गन्नौर रेलवे स्टेशन के बीच वीरवार दोपहर बाद आम्रपाली एक्सप्रेस ट्रेन के सामने कूदकर एक युवक और युवती ने जान दे दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रेन की चपेट में आने से दोनों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए, जिससे उनकी पहचान करने में पुलिस को परेशानी हुई। घटनास्थल से मिले एक मोबाइल फोन ने पुलिस को जांच की दिशा में अहम सुराग दिया। गन्नौर जीआरपी प्रभारी सुरेश कुमार को वीरवार दोपहर बाद पंजाब के अमृतसर से बिहार के कटिहार जाने वाली 15708 आम्रपाली एक्सप्रेस ट्रेन के आगे युवक-युवती के कूदकर जान जाने की जानकारी मिली। वह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक मोबाइल फोन मिला। मोबाइल की जांच करने पर पता चला कि उसका सिम कार्ड निकालकर बैक कवर में छिपाया गया था। पुलिस ने सिम कार्ड फोन में डालकर कॉल डिटेल की जांच की तो आखिरी कॉल गन्नौर के प्रजापत मोहल्ले में रहने वाले टोनी कुमार की मिली। इसके बाद पुलिस ने टोनी से संपर्क कर उसे घटनास्थल पर बुलाया। पत्नी की सहेली थी मृतका सपना टोनी कुमार मूलरूप से पंजाब के पठानकोट के रहने वाले हैं और गन्नौर की एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि मृतका का सपना है और वह उनकी पत्नी की सहेली थी। सपना पहले पठानकोट में उनकी पत्नी के साथ एक कंपनी में काम कर चुकी है। टोनी के अनुसार, सपना वीरवार सुबह एक युवक के साथ उनके कमरे पर आई थी। युवक से शादी होने की बात कही, सामान लेकर आने की बात कहकर निकले टोनी ने पुलिस को बताया कि सपना ने उन्हें बताया था कि उसने युवक के साथ शादी कर ली है। दोनों गन्नौर में कंपनी में नौकरी करने के सिलसिले में आए थे। दोपहर बाद दोनों बाजार से सामान खरीदने की बात कहकर कमरे से निकल गए थे। इसके बाद उन्हें इस मामले की जानकारी मिली। युवक का नाम पवन बताया था, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। परिजनों से संपर्क के बाद होगी पहचान की पुष्टि जीआरपी प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर सोनीपत नागरिक अस्पताल भेज दिया गया है। शव क्षत-विक्षत होने के कारण उनकी पहचान सुनिश्चित नहीं हो सकी। उनके परिजनों का पता लगाया जा रहा है। परिजनों के पहुंचने और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही दोनों की पहचान तथा उनके आपसी संबंधों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी। शुक्रवार को कराया जाएगा पोस्टमार्टम पुलिस के अनुसार, दोनों शवों का शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल जीआरपी मामले की जांच कर रही है। पुलिस घटनास्थल से मिले मोबाइल फोन और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कडिय़ां जोडऩे में जुटी है।