विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से दिल्ली रोड, सोनीपत पर जागरूकता रैली निकाली गई। सिविल सर्जन डॉ. अलंकृता गेरा और नोडल अधिकारी डॉ. योगेश गोयल ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली के माध्यम से लोगों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। रैली का मुख्य संदेश ‘जीवन की दो अनमोल धरोहर, मन स्वस्थ तो तन स्वस्थ’ और ‘शर्म नहीं, बात करो; दिल की सुनो, दिल को समझो’ रहा। स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर खुलकर बात करने, अपनी भावनाओं को समझने और जरूरत पड़ने पर सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। रैली में कीर्ति (एमईओ), ज्योति (पीएसडब्ल्यू), पूनम (सीआरए), नरिता (साइकियाट्रिक नर्स), शिल्पी (सीएचएन), तनिषा (डीएफएलसी) और एटीएफ स्टाफ के सदस्यों ने भाग लिया। स्वास्थ्य निरीक्षक बलबीर सिंह ने नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य समुदाय में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना और लोगों को शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य का भी ध्यान रखने के लिए प्रेरित करना रहा।