सोनीपत। कबीरपुर में मकान का इंतकाल दर्ज करने के नाम पर रिश्वत मांगना हलका पटवारी और उसके निजी सहायक को भारी पड़ गया। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की भिवानी टीम ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए कबीरपुर क्षेत्र के पटवारी सुरेश कुमार के निजी सहायक साहिल को सात हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। बाद में हलका पटवारी को भी पकड़ लिया गया। टीम ने पुरानी तहसील में जाल बिछाकर दोनों को पकड़ा। एसीबी, भिवानी के इंस्पेक्टर जगजीत सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता ने उन्हें शिकायत दी थी कि उनका कबीरपुर में मकान है। चार मरला तीन सरसाई के मकान का इंतकाल अपने नाम दर्ज करवाने के लिए वह कबीरपुर क्षेत्र में तैनात पटवारी सुरेश कुमार और उसके निजी सहायक साहिल के संपर्क में आया था। आरोप है कि इंतकाल दर्ज करने और उसकी फोटोप्रति उपलब्ध करवाने के बदले उनसे सात हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने के बाद भिवानी एसीबी यूनिट ने मामले की जांच की। इसके बाद बुधवार को इंस्पेक्टर जगजीत सिंह के नेतृत्व में टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। शिकायतकर्ता को तय रकम देकर पुरानी तहसील के पास भेजा गया, जहां निजी सहायक साहिल ने उनसे सात हजार रुपये लिये। शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम लेते ही एसीबी टीम ने कार्रवाई करते हुए साहिल को मौके पर ही पकड़ लिया। टीम ने उसके कब्जे से रिश्वत के सात हजार रुपये बरामद किए। इसके बाद उससे पूछताछ की गई। पूछताछ के आधार पर हलका पटवारी सुरेश कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया। एसीबी की इस कार्रवाई के दौरान राजपत्रित अधिकारी के रूप में हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड (एचएसएएमबी), भिवानी के एक्सईएन निखिल राठी मौजूद रहे। दोनों आरोपियों के खिलाफ रोहतक स्थित एसीबी थाना में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। एसीबी टीम मामले में आगे की जांच कर रही है। एंटी करप्शन ब्यूरो के इंस्पेक्टर जगजीत सिंह ने अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी शिकायत सतर्क हरियाणा एप पर दर्ज कराएं। शिकायतकर्ता का नाम और पहचान गोपनीय रखी जाएगी।