सोनीपत। लंबित मांगों का समाधान नहीं होने पर दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मुरथल के कर्मचारियों ने सोमवार को विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ धरना दिया। दीनबंधु छोटूराम यूनिवर्सिटी एम्प्लाइज यूनियन के आह्वान पर आयोजित धरने में कर्मचारियों ने मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। यूनियन के प्रधान सुरेश कुमार ने आरोप लगाया कि कुलपति अपने एक्सटेंशन पीरियड का हवाला देकर कर्मचारियों की मांगों को टाल रहे हैं, जबकि अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने और नई समितियों के गठन जैसे कार्यों में देरी नहीं की जा रही। सुरेश कुमार ने बताया कि कर्मचारियों के लिए वन स्टेप डाउन के 18 आवास खाली पड़े हैं। पात्र कर्मचारियों को आवास आवंटित करने की फाइल एक महीने से अधिक समय से लंबित है। इसके अलावा कई कर्मचारियों को वर्षों से एसीपी का लाभ नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की इन मांगों पर विश्वविद्यालय प्रशासन गंभीरता नहीं दिखा रहा है। एक्सटेंशन और वेतन भुगतान को लेकर भी चिंता यूनियन प्रधान ने कहा कि सरकार ने एचकेआरएनएल कर्मचारियों की एक्सटेंशन अवधि एक सितंबर से 31 अक्तूबर तक बढ़ाई है। डीसी रेट कर्मचारियों की अवधि भी अक्तूबर तक बढ़ाई गई है। इसके बावजूद विश्वविद्यालय में कार्यरत कर्मचारियों की एक्सटेंशन प्रक्रिया पूरी नहीं की गई है। इससे 30 सितंबर के बाद अटेंडेंस शीट डाउनलोड होने और वेतन भुगतान में बाधा आने की आशंका है। उन्होंने कहा कि डीसी रेट कर्मचारियों की एक्सटेंशन भी समय पर जारी नहीं की जाती, जिससे वेतन भुगतान और सेवा निरंतरता को लेकर परेशानी होती है। यूनियन ने विश्वविद्यालय प्रशासन से लंबित मांगों का जल्द समाधान करने और कर्मचारियों की एक्सटेंशन प्रक्रिया समय पर पूरी करने की मांग की।