गोहाना। शैलपुत्री पूजन के साथ रविवार को नवरात्र शुरू हो गए। माता के पूजन के लिए शहर में समता चौक और मंदिरों में माता के दरबार लगाए गए हैं। शहर के कई शिक्षण संस्थानों में भी शिक्षकों ने कन्या पूजन किया। नवरात्र में बाजार में भी ग्राहकों की भीड़ बढ़ गई है। ग्राहक माता के पूजन के लिए सामग्री और दूसरी चीजों की खरीददारी कर रहे हैं। शिव गंगा सेवा समिति के प्रधान सुभाष पाहुजा ने बताया कि नवरात्र वर्ष में दो बार चैत्र व अश्विन मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा से शुरू होता है। इस अवसर पर देवी के नौ रूपों का नवमी तक पूजन किया जाता है। चैत्र मास के नवरात्र वार्षिक नवरात्र तथा अश्विन मास के नवरात्र शारदीय नवरात्र कहा जाता है। शहर में नवरात्रों में देवी के पूजन के लिए समता चौक पर समिति द्वारा माता का दरबार लगाया गया है। बीजेपी नेता अरुण बड़ौक ने झंडे की रस्म निभाई। माता का दरबार शुरू करने पर पंडाल में शैलपुत्री की विधिवत पूजा की गई। आयोजक सुभाष ने सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।