सोनीपत। जमीन की तकसीम के बाद उसकी नकल देने की एवज में 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए तहसील कार्यालय के कंप्यूटर ऑपरेटर मनजीत को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एसीबी रोहतक की टीम ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे लघु सचिवालय के भूतल पर स्थित तहसील कार्यालय परिसर से पकड़ लिया। आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा। मामले में अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। गांव कुमासपुर निवासी किसान जोगिंद्र ने एसीबी को शिकायत दी थी कि गांव में उनकी जमीन की तकसीम होने के बाद उसकी नकल देने के बदले कंप्यूटर ऑपरेटर मनजीत 20 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी पहले भी उससे 10 हजार रुपये ले चुका है। करीब एक महीने से काम करवाने के नाम पर उसे टालमटोल कर रहा था। शिकायतकर्ता ने बनाई थी रिश्वत मांगने की वीडियो रिकॉर्डिंग शिकायतकर्ता ने आरोपी की ओर से रिश्वत मांगने की बातचीत की रिकॉर्डिंग और वीडियो बना ली थी। इसके बाद उसने एंटी करप्शन ब्यूरो से संपर्क किया। शिकायत के आधार पर एसीबी की टीम ने जाल बिछाया और किसान को 20 हजार रुपये उपलब्ध करवाए। निर्धारित योजना के तहत मंगलवार शाम को जैसे ही आरोपी ने रुपये लिए, टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। नायब तहसीलदार की मुहर लगी नकल भी बरामद एसीबी रोहतक के इंस्पेक्टर भगत सिंह ने बताया कि आरोपी के कब्जे से जमीन की तकसीम से संबंधित नकल बरामद की गई है। इस पर नायब तहसीलदार की मुहर लगी हुई है, लेकिन हस्ताक्षर नहीं हैं। नकल पर छह नवंबर की तारीख अंकित है। रिकॉर्डिंग में नकल देने के बदले 20 हजार रुपये मांगने की बात सामने आई है। रीडर की अनुपस्थिति में संभाल रहा था काम इंस्पेक्टर के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि तहसीलदार का रीडर छुट्टी पर था और वह उसकी जगह काम संभाल रहा था। मनजीत डिस्ट्रिक्ट इन्फॉर्मेटिक्स टेक्नोलॉजी सोसायटी (डीआईटीएस) के तहत कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत है। शिकायतकर्ता की ओर से पहले दिए गए 10 हजार रुपये के आरोप की भी जांच की जा सकती है। अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में एसीबी की कार्रवाई के बाद तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया। टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि रिश्वत के इस मामले में आरोपी के अलावा किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की भी भूमिका तो नहीं है। आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की तैयारी है। लघु सचिवालय के भूतल पर तहसील कार्यालय, प्रथम तल पर उपायुक्त कार्यालय, द्वितीय तल पर डीसीपी कार्यालय और तृतीय तल पर एंटी करप्शन ब्यूरो का कार्यालय स्थित है।