सोनीपत। साइबर थाना वेस्ट जोन की पुलिस टीम ने रविवार को महलाना रोड स्थित स्वर्ण जयंती पार्क में आमजन को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम साइबर एक्सपर्ट एएसआई सतीश कुमार के नेतृत्व में आयोजित किया गया। उनके साथ सिपाही अंकित भी मौजूद रहे। पुलिस टीम ने पार्क में मौजूद लोगों को अलग-अलग वर्गों के अनुसार साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी दी। वरिष्ठ नागरिकों को ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, ओटीपी, बैंकिंग फ्रॉड और साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों के बारे में बताया गया। वहीं, बच्चों और युवाओं को सुरक्षित इंटरनेट ब्राउजिंग, सोशल मीडिया का सावधानी से इस्तेमाल, ऑनलाइन गेमिंग के दौरान होने वाली ठगी, संदिग्ध लिंक और एप से बचने की सलाह दी गई। पुलिस ने लोगों को सुरक्षित डिजिटल लेन-देन के लिए ओटीपी, बैंकिंग पासवर्ड, एटीएम या डेबिट-क्रेडिट कार्ड की जानकारी और अन्य गोपनीय विवरण किसी के साथ साझा नहीं करने के लिए कहा। साइबर ठगी होने पर घबराने के बजाय तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने और आधिकारिक साइबर क्राइम पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी। सहायक पुलिस आयुक्त राजदीप मोर ने कहा कि साइबर अपराधी लगातार ठगी के नए तरीके अपना रहे हैं। जागरूकता और सतर्कता ही इससे बचाव का सबसे मजबूत उपाय है। उन्होंने लोगों से अनजान व्यक्तियों के साथ ओटीपी, बैंकिंग विवरण, पासवर्ड या अन्य निजी जानकारी साझा नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करने से ठगी की रकम को समय रहते रोकने के लिए कार्रवाई की जा सकती है।