मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर इंडिया गठबंधन ने वीरवार को रोहतक में जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष उदयभान के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आंबेडकर चौक से सोनीपत स्टैंड तक विरोध मार्च निकाला। आंबेडकर चौक पर कांग्रेस समेत इंडिया ब्लॉक के नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। इस दौरान केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शन में पूर्व मंत्री आनंद सिंह दांगी, विधायक बलराम दांगी और विधायक शकुंतला खटक समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग निष्पक्षता से काम नहीं कर रहा है। बुधवार को पहले ही दिल्ली के जंतर-मंतर पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में इसी मुद्दे को लेकर बड़ा प्रदर्शन किया गया था।