संयुक्त किसान मोर्चा के प्रदेशव्यापी आह्वान पर में किसानों ने नई अनाज मंडी स्थित मार्केट कमेटी कार्यालय पर ताला जड़कर 3 घंटे की सांकेतिक तालाबंदी की। प्रदर्शन सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चला। किसान सभा के महासचिव सुमित दलाल ने कहा कि हरियाणा सरकार ने मंडियों में खरीद के नए नियम लागू कर दिए हैं, जिससे किसान परेशान है। उन्होंने कहा कि सरकार बाजरे का भाव 2900 रुपये बता रही है, लेकिन मंडी में किसान को 2100 रुपये में बेचना पड़ रहा है। धान का एमएसपी 2461 रुपये है, पर खरीद 2000-2100 रुपये पर हो रही है। सुमित दलाल ने आरोप लगाया कि सरकार 24 फसलों की एमएसपी पर खरीद का दावा कर रही है, लेकिन धरातल पर किसानों को एमएसपी से नीचे फसल बेचने को मजबूर होना पड़ रहा है। चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द समाधान नहीं किया तो प्रदेश स्तर पर बड़े आंदोलन की घोषणा होगी।