रोहतक। दिवाली के पावन पर्व पर पर्यावरण संरक्षण और वायु को प्रदूषित होने से बचाने के लिए पर्यावरण प्रहरी अभियान टीम और बुनियाद शिक्षा निकेतन भालौठ ने संयुक्त रूप से गांव में प्रभात फेरी निकाली। विद्यार्थियों ने हाथों में प्रदूषण रहित दीपावली मनाने और प्रदूषण पर नियंत्रण रखने के नारों की पट्टिकाएं लेकर पूरे गांव में घूमकर लोगों को जागरूक किया। विद्यार्थियों और स्टाफ ने लोगों से अनुरोध किया कि वे प्रदूषण पर नियंत्रण रखने में सहयोग करें, ताकि हवा इतनी जहरीली न हो कि सांस लेना भी कठिन हो जाए। प्रभात फेरी से पहले कैप्टन जगबीर मलिक ने विद्यार्थियों को जीवन में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि शिक्षा से योग्यता मिलती है और योग्यता से पद मिलता है। प्रभात फेरी में विद्यालय की निदेशक प्रोमिल चौधरी, समाजसेवक राजवीर मलिक, राजबाला, पूजा, प्रीति, निर्मला, मोनिका, जाह्नवी, सचिन और बलवान सिंह सहित स्कूल का पूरा स्टाफ विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहा।