बावल। बावल स्थित पीएमश्री राजकीय स्कूल के शिक्षक और गैर शिक्षक कर्मचारी इस बार आर्थिक परेशानी के बीच दिवाली मनाने को मजबूर हैं। स्कूल में प्राचार्य का पद खाली होने और डीडी पावर का कार्यभार किसी अधिकारी की ओर से नहीं संभाले जाने के कारण स्टाफ का वेतन अटका हुआ है। इससे मिड-डे मील के कर्मचारियों से लेकर शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों तक को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वेतन नहीं मिलने से करीब 35 कर्मचारियों और उनके परिवारों के सामने त्योहार मनाने का संकट खड़ा हो गया है। इसी समस्या को लेकर स्कूल स्टाफ के सदस्यों ने बावल के विधायक डॉ. कृष्ण कुमार से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा और जल्द वेतन दिलाने की मांग की। स्टाफ सदस्यों ने बताया कि स्कूल के प्राचार्य प्रदीप यादव की सेवानिवृत्ति के बाद से वेतन संबंधी परेशानी शुरू हुई है। प्राचार्य का पद खाली होने के कारण स्कूल के वित्तीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं। स्टाफ सदस्य सुमेर, अमृत और चौधरी ने बताया कि शिक्षा विभाग की ओर से गर्ल्स स्कूल के प्राचार्य लक्ष्मीनारायण को डीडी पावर लेने की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन उन्होंने अभी तक इसका कार्यभार ग्रहण नहीं किया है। इस कारण विभागीय कर्मचारियों का वेतन जारी नहीं हो पा रहा है। ------------- वेतन नहीं मिलने से घर का खर्च चलाना मुश्किल: स्कूल के लैब टेक्नीशियन, कुक और शिक्षण कार्य से जुड़े कर्मचारियों का कहना है कि वेतन नहीं मिलने से घर का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। दिवाली जैसे त्योहार पर भी उन्हें आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने कहा कि जब तक वेतन नहीं मिलेगा, तब तक परिवार के साथ त्योहार मनाना मुश्किल होगा। स्टाफ सदस्यों ने विधायक डॉ. कृष्ण कुमार से मामले में हस्तक्षेप कर शिक्षा विभाग के अधिकारियों से बातचीत करने और जल्द डीडी पावर का कार्यभार सौंपकर वेतन जारी करवाने की मांग की है।