रेवाड़ी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में जिला स्वास्थ्य विभाग एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में वीरवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया। इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय (आईजीयू) में आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने किया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली, विश्वविद्यालय कुलपति प्रो.असीम मिगलानी और कुलसचिव प्रो. दिलबाग सिंह ने रक्तदाताओं को प्रोत्साहित किया। आईजीयू मीरपुर में आयोजित शिविर में कुल 65 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित यह कार्यक्रम जनसेवा की भावना को और मजबूत करता है। उन्होंने रक्तदाताओं की सराहना करते हुए अन्य लोगों से भी सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। इसी क्रम में नागरिक अस्पताल कोसली में आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ विधायक अनिल यादव ने किया। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है, इसलिए रक्त का पर्याप्त भंडार बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि रक्तदान से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के साथ समाज में सहयोग और मानवता की भावना भी मजबूत होती है। नागरिक अस्पताल कोसली में शिविर के दौरान 60 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ। सीएचसी बावल में आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ एसडीएम संजीव कुमार ने किया। उन्होंने रक्तदाताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक स्वस्थ नागरिक को समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। सीएचसी बावल में 30 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। इसके अतिरिक्त रेवाड़ी ब्लड बैंक में भी रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 4 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ। इस प्रकार जिले में आयोजित इन चारों रक्तदान शिविरों में करीब 160 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।