रेवाड़ी। नगर पालिका कर्मचारियों की 13 सूत्रीय मांगों को लेकर चल रही हड़ताल मंगलवार को 27वें दिन भी जारी रही। इकाई प्रधान शिवा गंगाहेड़ी के नेतृत्व में कर्मचारियों ने नगर परिषद कार्यालय के बाहर सरकार का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों ने सरकार पर उनकी मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। इकाई प्रधान शिवा गंगाहेड़ी ने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में पुरानी पेंशन बहाल करना, ठेका प्रथा और आउटसोर्सिंग बंद करना, कर्मचारियों को नियमित करना तथा वेतन विसंगतियां दूर करना शामिल हैं। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सफाई कर्मचारियों समेत नगरपालिका के अन्य कर्मचारी लगातार अपनी सेवाएं देते हैं। इसके बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा। उन्होंने कहा कि सरकार को कर्मचारियों की मांगों पर जल्द निर्णय लेना चाहिए। मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।