पानीपत। युवाओं को नशे की लत से बचाने और समाज में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से रोहतक से शुरू हुई भारत नशा मुक्त यात्रा रविवार को औद्योगिक नगरी पानीपत में प्रवेश करेगी। निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर 1008 स्वामी राघवेंद्र भारती महाराज की अगुवाई में निकल रही इस यात्रा को दाऊजी महाराज और स्वामी शंकरानंद महाराज का पावन सानिध्य प्राप्त हो रहा है। यात्रा के भव्य स्वागत के लिए शहर की धार्मिक, सामाजिक और औद्योगिक संस्थाएं पूरी तरह से लामबद्ध हो चुकी हैं। यात्रा के आगमन और व्यवस्थाओं को लेकर शनिवार को सनौली रोड स्थित श्री कांशिगिरि मंदिर में विभिन्न संस्थाओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि गोहाना रोड से लेकर आर्य पीजी कॉलेज तक करीब 40 स्थानों पर यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा। वेद पाराशर ने बताया कि रोहतक से शुरू होकर गोहाना के रास्ते पानीपत पहुंचने पर यात्रा का पहला स्वागत गोहाना रोड पर पूर्व पार्षद सुरेंद्र गर्ग करेंगे। इसके बाद ग्रीन मिशन, जीटी रोड गोशाला के पास उद्योगपति रामनिवास गुप्ता और रमेश माटा सामूहिक रूप से अगवानी करेंगे। संजय चौक पर भाजपा नेता संजय अग्रवाल, पार्षद रॉकी गहलौत, पालीवाल भवन के बाहर पालीवाल परिवार, होटल हाइव के पास सीए एसोसिएशन, रेलवे रोड और सिख समाज द्वारा गुरुद्वारा पहली पातशाही के बाहर जलपान व पुष्पवर्षा से स्वागत किया जाएगा। समाजसेवी शशिकांत कौशिक भी यात्रा की अगवानी करेंगे। ऑडिटोरियम में होगा मुख्य समारोह, 10 हजार लोग जुटेंगे यात्रा शाम करीब साढ़े छह बजे आर्य पीजी कॉलेज के ऑडिटोरियम पहुंचेगी, जहां मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। आयोजकों का दावा है कि इस कार्यक्रम में 10 हजार से अधिक श्रद्धालु और नागरिक शामिल होंगे। रास्ते में जगह-जगह खान-पान के स्टॉल भी लगाए गए हैं। इस मौके पर हरियाणा चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रधान विनोद धमीजा, गौरव गोयल, मुकेश बोस, हरचरण सिंह धम्मू, रोशनलाल माहला, राजेंद्र जैन, प्रमिल सिंह, चमनलाल गुलाटी, सुभाष कबीरपंथी, पूर्व सैनिक रघुबीर सिंह, सीए जगदीश धमीजा, प्रीतम गुर्जर, यश हुड़िया और रामनिवास गुप्ता मौजूद रहे।