शहर में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और आगामी छठ पूजा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण ने शुक्रवार देर रात स्वयं सड़कों पर उतरकर शहर में लगे विभिन्न पुलिस नाकों और रात्रि गश्त व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने नाकों पर तैनात पुलिसकर्मियों की सतर्कता को परखा और संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की गहनता से जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद अधिकारियों व जवानों को स्पष्ट हिदायत दी कि रात्रि गश्त में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। छठ महापर्व को देखते हुए एसपी ने विशेष रूप से सेक्टर 13-17, असंध रोड नाका और एनएफएल नाके के समीप बने छठ घाटों व आसपास के क्षेत्रों का भी दौरा किया। उन्होंने वहां श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर की जा रही तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए कि पर्व के दौरान घाटों के आसपास पुलिस की पैनी नजर रहनी चाहिए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना या जाम की स्थिति से बचा जा सके। एसपी ने कहा कि आमजन की सुरक्षा पानीपत पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और त्योहारों के दौरान शरारती तत्वों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है।