फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

माता के जयकारों से गूंजा देवी मंदिर, दर्शन के लिए मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु

पानीपत। शारदीय नवरात्र पर रविवार को प्राचीन देवी मंदिर समेत सभी देवी मंदिरों में श्रद्धालु सुबह ही माता के दर्शन के लिए उमड़े और लाइन में लगकर माता शैलपुत्री के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और घरों में शुभ मुहूर्त में घटस्थापना की। प्राचीन देवी मंदिर में सुबह से शाम तक श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। पूरा दिन मंदिर माता के जयकारों से गूंजता रहा। शाम को माता की आरती की गई और मंदिर में रामलीला का शुभारंभ हुआ। मंदिर में श्रद्धालुओं को दर्शन में कोई समस्या न हो इसके लिए पुलिस प्रशासन के साथ मंदिर समिति के सुरक्षाकर्मी भी पूरा दिन मंदिर में तैनात रहे। मंदिर के प्रधान काकू बंसल ने बताया कि मंदिर को दिल्ली के ताजा फूलों से सजाया गया। सुबह पांच बजे माता का ताजा फूलों से श्रृंगार किया गया और श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट खोले गए। सुबह पांच से दोपहर 12 बजे तक और शाम को चार से रात 10 बजे तक श्रद्धालु दर्शन करने के लिए मंदिर में पहुंचे। साल-दर-साल श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने लगी है इसलिए मंदिर समिति द्वारा पहले ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा की पूरी व्यवस्था की गई है। मंदिर में 22 सदस्य समिति के और पुलिस प्रशासन से दस कर्मी सुरक्षा के लिए पूरा दिन मंदिर में तैनात रहे। मंदिर के पुजारी आचार्य लालमणि पांडेय ने बताया कि माता का हर रोज ताजा फूलों से श्रृंगार किया जाएगा। मंदिर में अन्य दिनों की अपेक्षा ज्यादा भीड़ रही। सुबह से शाम तक श्रद्धालु मंदिर में पहुंचे। लोगों ने शुभ मुहूर्त में घटस्थापना की। नवरात्र के पहले दिन मंदिर में 300 अखंड ज्योत प्रज्ज्वलित की गई। श्रद्धालुओं ने मंदिर में पहुंचकर माता के दर्शन किए और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए दीप जलाकर प्रार्थना की। शाम पांच बजे शयन आरती की गई उसके बाद महिलाओं ने माता के भजनों का गुणगान किया।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें