नारनौल, । जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), महेंद्रगढ़ के तत्वावधान में जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. विश्वेश्वर कौशिक के मार्गदर्शन में सोमवार को जिला स्तरीय युवा पंचायत प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कोरियावास में हुआ। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पंचायत की कार्यप्रणाली को प्रदर्शित करते हुए विभिन्न पदों की भूमिकाएं निभाईं और शानदार प्रदर्शन किया। राजनीति विज्ञान की प्रवक्ता सुनीता यादव ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ डाइट प्रवक्ता डॉ. राकेश यादव और विद्यालय के प्राचार्य डॉ. सतबीर इंदौरा ने किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक चेतना, नेतृत्व क्षमता, तार्किक चिंतन और जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना है।