नारनौल। विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग क्विज अब माय भारत पोर्टल पर शुरू हो गई है। इसका उद्देश्य वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करना है। जिला युवा अधिकारी नित्यानंद यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी। यादव ने जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवाओं से इसमें भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह क्विज युवाओं को अपनी सोच, नवाचार और नेतृत्व क्षमता राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर है। प्रतियोगिता पांच चरणों में आयोजित की जा रही है। पहला चरण क्विज है, जो 17 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक चलेगा। इसके बाद चयनित युवा निबंध लेखन, जिला चैंपियनशिप और राज्य स्तरीय वीबीवाईएलडी में भाग लेंगे। इस प्रक्रिया का सबसे महत्वपूर्ण चरण राष्ट्रीय संवाद होगा। इसका आयोजन 10 से 12 जनवरी 2027 तक किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित युवाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने का अवसर मिलेगा। वे प्रधानमंत्री के समक्ष विकसित भारत से जुड़े अपने विचार और सुझाव प्रस्तुत कर सकेंगे। यह युवाओं के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ संवाद करने का महत्वपूर्ण मंच होगा।