नारनौल। सिहमा खंड के गांव सिलारपुर में गंदे पानी की निकासी के लिए बनाए जा रहे नाले के निर्माण में घटिया सामग्री के प्रयोग का आरोप लगा है। करीब 11 लाख रुपये की लागत से 600 मीटर लंबा यह नाला बनाया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि नाला बनने से पहले ही क्षतिग्रस्त हो रहा है। उन्होंने ठेकेदार की हठधर्मी और प्रशासन की बेबसी पर नाराजगी जताई है। ग्रामीण विक्रम सिंह, रामचंद्र नंबरदार, जगजीत सिंह, बाबूलाल, सुरेंद्र कुमार, लालाराम, पहलाद सिंह और रामानंद ने इस मामले में शिकायत की है। उन्होंने ने संबंधित विभाग से उचित कार्रवाई की मांग की है। ग्राम पंचायत सिलारपुर के सरपंच रतन सिंह ने बीडीपीओ सिहमा और एसडीओ पंचायती राज को लिखित शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि ठेकेदार ग्राम पंचायत की बात नहीं सुन रहा है और अपनी मनमर्जी से काम कर रहा है। वर्जन: उन्हें नाले की शिकायत मिल चुकी है। विभाग ने ठेकेदार को निर्माण कार्य तुरंत रोकने के आदेश दिए थे। इसके बावजूद ठेकेदार द्वारा कार्य जारी रखा गया। ठेकेदार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। नाले को तुड़वाकर दोबारा गुणवत्तापूर्ण सामग्री से बनवाया जाएगा। राजकवर, एसडीओ पंचायती राज विभाग सिहमा।