गांव नूनी कलां में एक भाई ने अपने बेटे व परिजनों के साथ मिलकर अपने ही भाई की हत्या कर दी। हत्या का कारण जमीनी विवाद बताया जा रहा है। इस बारे में मृतक के बेटे अनिल ने पुलिस में शिकायत दी है। जिसमें उसने अपने चाचा-ताऊ के परिवार के सदस्यों पर पिता के साथ मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। गांव नूनी कलां में मंगलवार सुबह करीब नौ बजे सगे भाई ने अपने बेटे व परिजनों के साथ मिलकर करीब 58 वर्षीय इंद्रपाल की हत्या कर दी। इंद्रपाल खेतीबाड़ी का काम करता था। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। मृतक इंद्रपाल के बेटे अनिल ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 9 बजे उसके पिता इंद्रपाल खेत से गांव की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान गांव के अड्डे के पास उन पर हमला कर दिया गया। अनिल का आरोप है कि हमले में गंभीर चोट लगने के कारण उनके पिता की मौत हो गई। उसने हमले में अपने चाचा-ताऊ के परिवार के सदस्यों के शामिल होने का आरोप लगाया है। अनिल ने बताया इससे पहले जनवरी में भी उसके पिता पर रात के समय हमला किया गया था। उस हमले में उनके दोनों पैर टूट गए थे और पैरों में रॉड डाली गई थीं। अनिल ने बताया कि उस मामले की सुनवाई अभी कोर्ट में चल रही है। उसका कहना है कि परिवार के बीच पहले से विवाद चला आ रहा है। हालांकि, उसने विवाद की वजह स्पष्ट नहीं बताई।