महेंद्रगढ़। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन पंचकूला के प्रबंध निदेशक (मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य) डॉ. वीरेंद्र यादव ने शुक्रवार को उप नागरिक अस्पताल कनीना का निरीक्षण किया। करीब तीन घंटे तक चले निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों और व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान कई स्थानों पर मिली कमियों पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को इन्हें जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए। डॉ. वीरेंद्र यादव ने अस्पताल की ओपीडी, जनरल वार्ड, प्रसूति गृह, इमरजेंसी वार्ड, लिफ्ट, डिस्पेंसरी सहित अन्य विभागों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आपातकालीन सेवाओं में इस्तेमाल होने वाली कुछ आवश्यक दवाएं स्टॉक में उपलब्ध नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को दवाओं का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने तथा मरीजों को आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध करवाने की हिदायत दी। निरीक्षण के दौरान अस्पताल के कुछ हिस्सों में प्रकाश व्यवस्था की कमी भी सामने आई। एक वार्ड के बाहर लाइट नहीं लगी होने पर उन्होंने तत्काल लाइट लगवाने के निर्देश दिए। इसके बाद करीब एक घंटे के अंदर वहां लाइट की व्यवस्था कर दी गई। कुछ विभागों के दरवाजों पर ताले लगे मिलने पर भी उन्होंने संबंधित कर्मचारियों से जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।उन्होंने सीएमओ डॉ. रेनू वर्मा को निर्देश दिए कि अस्पताल के जिन स्थानों पर साइन बोर्ड नहीं लगे हैं, वहां जल्द से जल्द स्पष्ट साइन बोर्ड लगवाए जाएं। इसके अलावा आपातकालीन सेवाओं की पहचान स्पष्ट रूप से दिखाई देने के लिए आवश्यक लिखावट और रंग-रोगन करवाने के निर्देश भी दिए। प्रबंध निदेशक ने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को जल्द दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही व्यवस्थाओं में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित चिकित्सकों एवं कर्मचारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की बात कही। इस मौके पर एसएमओ नारनौल डॉ. अशोक कुमार, सीएमओ कनीना डॉ. रेनू वर्मा, डॉ. जितेंद्र मोरवाल सहित अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।