कुरुक्षेत्र। भारतीय किसान यूनियन चढूनी अन्य संगठनों के साथ मिलकर अब गन्ना आंदोलन चलाएगी। सरकार ने गन्ने का रेट₹600 प्रति क्विंटल नहीं किया तो 25 दिसंबर से शुगर मिलों के बाहर धरना शुरू कर दिया जाएगा। इसके बाद 2 जनवरी को गन्ने की छिलाई बंद करेंगे तो वही 5 जनवरी को शुगर मिलों पर ताले जड़ दिए जाएंगे। इसके बाद भी प्रदेश सरकार ने गन्ने के भाव नहीं बढाए तो एक बड़ी रैली कर आर पार की जाएगी। आंदोलन की यह रूपरेखा आज जाट धर्मशाला में यूनियन की प्रदेश स्तरीय बैठक में बनाई गई, जिसकी अध्यक्षता यूनियन अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी ने की। बैठक उपरांत उन्होंने बताया कि सरकार ने चीनी के दाम₹25 प्रति किलो तक बढ़ाए हैं जबकि गाने का भाव 15 पैसे प्रति किलो ही बढ़ाया गया जो किसानों के साथ मजाक है। सरकार को इस पर पुनर्विचार करना होगा और ऐसा नहीं हुआ तो यूनियन बड़े स्तर पर आर पार का आंदोलन चलाने को तैयार है। इसके लिए जोन बनाकर ड्यूटी अभी लगा दी गई है। इस फैसले के बाद किसानों ने जाट धर्मशाला से बिरला मंदिर चौक तक रोष जुलूस भी निकाल तो वही प्रदेश सरकार का पुतला भी जलाया। किसानों ने जमकर नारेबाजी करते हुए गन्ने का रेट बढ़ाई जाने की मांग की।