करनाल। शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित जिला स्तरीय अंडर-11 स्केटिंग प्रतियोगिता में नन्हे खिलाड़ियों की रफ्तार का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। प्रतियोगिता के अंतिम दिन विभिन्न विद्यालयों से खिलाड़ियों ने अलग-अलग प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। लड़कों के अंडर 11 में इनलाइन प्रतियोगिता में आदविक चौधरी प्रथम, जोरदन चीमा द्वितीय और वीर ठाकूर तृतीय रहे। वह लड़कियों के इनलाइन में दित्य प्रथम, वाही सिंह द्वितीय और विहामा तृतीय रही। स्केटिंग ट्रैक पर उतरकर 11 वर्ष से कम आयु के खिलाड़ियों ने अपने हैरतअंगेज संतुलन और रफ्तार से सभी दर्शकों व अधिकारियों का मन मोह लिया। एईईओ संदीप खत्री ने बताया कि खेल प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बाल वर्ग में छिपी खेल प्रतिभाओं को निखारना और उन्हें जिला व राज्य स्तर के मंच प्रदान करना रहा। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान स्पीड स्केटिंग और इनलाइन स्केटिंग के विभिन्न वर्ग आयोजित किए गए। पदक जीतने की होड़ में बाल खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। अभिभावकों और शिक्षकों ने भी तालियां बजाकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों में कम उम्र से ही खेल भावना और अनुशासन का विकास होता है। विभाग की ओर से समय-समय पर ऐसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता रहेगा, ताकि उदीयमान प्रतिभाओं को सही समय पर प्रशिक्षण और प्रोत्साहन मिल सके। एईईओ संदीप खत्री ने बताया कि प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को पदक पहनाकर सम्मानित किया गया और उनका चयन आगामी राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के लिए किया गया। विभाग ने सभी भाग लेने वाले बच्चों की सराहना की और विजेताओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।