करनाल। धनतेरस पर शुक्रवार को बाजारों में जमकर खरीदारी हुई। त्योहार के चलते बाजारों में करोड़ों रुपये के कारोबार का अनुमान है। शुभ मुहूर्त में खरीदारी के लिए सुबह से ही बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही शुरू हो गई। लोगों ने परंपरा के अनुसार सोने-चांदी के आभूषण, सिक्के और बर्तन खरीदे तो बदलते समय के साथ इलेक्ट्रॉनिक्स सामान, मोबाइल, एलईडी, फ्रिज और वॉशिंग मशीन की भी खूब बिक्री हुई। दोपहिया और चारपहिया वाहनों की डिलीवरी लेने के लिए भी ग्राहक शोरूम पहुंचे। लोगों ने नई झाड़ू और साबुत धनिया की खरीदारी की। वहीं, घरों की सजावट के लिए लड़ियों, झालरों और पूजा सामग्री की भी मांग रही। सर्राफा : आभूषणों के साथ चांदी के सिक्कों की मांग ओपीएस के संचालक तरुण गोयल और राम ज्वैलर्स के किशोर नागपाल ने बताया कि सोने के छोटे आभूषणों, चांदी के सिक्कों और लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों की अच्छी मांग रही। गले के हार, अंगूठियां, कंगन, ब्रेसलेट और ईयररिंग्स की भी बिक्री हुई। चांदी की मछली, हाथी, कछुआ, स्वास्तिक, गाय और बर्तनों की खरीदारी में भी ग्राहकों ने रुचि दिखाई। सोने-चांदी के साथ ही डायमंड के आभूषणों की भी मांग रही। ग्राहकों ने अपने बजट के अनुसार हल्के और महंगे गहने खरीदे। इलेक्ट्रॉनिक्स : स्मार्ट टीवी और फ्रंट लोड वॉशिंग मशीन दुआ इलेक्ट्रॉनिक्स के संचालक रमेश दुआ ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में टीवी, फ्रिज, एसी, माइक्रोवेव और वॉशिंग मशीन खरीदने वालों की भीड़ रही। 43 और 55 इंच के 4के स्मार्ट टीवी की सबसे अधिक बुकिंग और बिक्री हुई। बिजली की बचत के लिए इन्वर्टर तकनीक वाले रेफ्रिजरेटर और फ्रंट लोड ऑटोमैटिक वॉशिंग मशीन की मांग में करीब 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की गई। शगुन के तौर पर मिक्सर, ग्राइंडर जैसे छोटे किचन उपकरण और 999 से 4,999 रुपये तक के गिफ्ट पैक भी खरीदे गए। वाहन : बुकिंग के साथ डिलीवरी लेने पहुंचे ग्राहक वाहन बाजार में स्कूटर, बाइक और कार की बुकिंग के साथ पहले से बुक वाहनों की डिलीवरी लेने का सिलसिला जारी रहा। इलेक्ट्रिक वाहनों की भी अच्छी मांग रही, हालांकि कुछ श्रेणियों में आपूर्ति की कमी के कारण डिलीवरी प्रभावित हुई। कार कंपनियों ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए छूट और विशेष ऑफर दिए। अधिकतर खरीदारों ने वाहन खरीदने के लिए लोन का सहारा लिया, जबकि कुछ ने नकद भुगतान किया। बाइक की बुकिंग 999 रुपये से शुरू हुई, जबकि कारों की बुकिंग के लिए न्यूनतम राशि 49,999 रुपये रही। बर्तन : पीतल और तांबे के बर्तनों की रही मांग बीके बर्तन स्टोर के मालिक सुनील बटला ने बताया कि धनतेरस पर पीतल और तांबे के बर्तनों की मांग अधिक रही। लोगों ने कुकर, कड़ाही, थाली, गिलास और डिनर सेट खरीदे। कुछ ग्राहकों ने कांस्य के बर्तनों में भी रुचि दिखाई। कई परिवारों ने पुराने बर्तनों की जगह नए डिजाइन के बर्तन पसंद किए। मंदिर में रखूंगी चांदी की मूर्ति रेखा ने बताया कि उन्होंने धनतेरस पर मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की चांदी की मूर्तियां खरीदी हैं। लक्ष्मी-गणेश को शुभ मानते हुए वह इन मूर्तियों को घर के मंदिर में स्थापित करेंगी। बर्तनों की खरीदारी की गई सुनीता ने बताया कि उन्होंने घर की रसोई के लिए तांबे की प्लेट और गिलास खरीदे हैं। इसके अलावा स्टील की थाली और प्लेटें भी ली हैं। वॉशिंग मशीन की थी जरूरत मंजू ने बताया कि उनकी वॉशिंग मशीन खराब हो गई थी। इसलिए धनतेरस पर नई मशीन खरीदी। इसके साथ ही झाड़ू और पूजा सामग्री की भी खरीदारी की।