जींद। पिंडारा पुल के पास शुक्रवार शाम दो कारों की भिड़ंत में पांच लोग घायल हो गए। हादसे में डिगाना गांव के चार युवक और दूसरी कार में सवार एक युवक को चोटें आईं। सभी घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल जींद पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। डिगाना गांव निवासी इंद्र ने बताया कि उसका बेटा कर्मजीत और गांव के ही पवन, मोहित और एक अन्य युवक टाटा पंच कार में सवार होकर राखी गांव में शादी समारोह में गए थे। समारोह से वापस अपने गांव लौटते समय पिंडारा पुल के पास उनकी कार की दूसरी कार से टक्कर हो गई। हादसे में टाटा पंच सवार चारों युवक घायल हो गए। दूसरी कार में पोली गांव निवासी प्रतीक सवार था, जो गोहाना से अपने गांव लौट रहा था। वह भी हादसे में चोटिल हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों की मदद से सभी घायलों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। सिविल लाइन थाना प्रभारी मनीष ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। घायलों के बयान दर्ज होने के बाद मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी।