कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, अग्निशमन एवं नगर पालिका कर्मचारियों की मांगों का समाधान करने और गेस्ट टीचरों के आंदोलन की सुनवाई सहित विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को पटवारी और सर्व कर्मचारी संघ ने प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों ने सीटीएम के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भेजा। सर्व कर्मचारी संघ की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश में लंबे समय से विभिन्न विभागों में कच्चे, अनुबंधित और अस्थायी कर्मचारी नियमितीकरण की मांग कर रहे हैं। संगठन ने न्यायालय के फैसलों को लागू करते हुए पात्र कर्मचारियों को नियमित करने की मांग की। ज्ञापन में सुप्रीम कोर्ट के विभिन्न फैसलों का हवाला देते हुए समान काम के लिए समान वेतन का लाभ देने की भी मांग रखी गई। 37 दिन की हड़ताल के बाद भी नहीं हुआ समाधान कर्मचारियों ने कहा कि अग्निशमन कर्मचारियों और नगर पालिका कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन किया था। सरकार की ओर से आश्वासन दिए जाने के बाद आंदोलन समाप्त हुआ, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बावजूद मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे कर्मचारियों में रोष है। कर्मचारियों ने कहा कि सरकार वादे पूरे करे, ताकि दोबारा हड़ताल जैसे कदम उठाने की जरूरत न पड़े। गेस्ट टीचरों की मांगों पर भी कार्रवाई की मांग ज्ञापन में गेस्ट टीचरों के आंदोलन का मुद्दा भी उठाया गया। संगठन ने कहा कि न्यायालय के कई फैसलों और ज्ञापनों के बावजूद उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया है। कर्मचारियों ने सरकार से मांग की कि गेस्ट टीचरों की मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द निर्णय लिया जाए। कर्मचारी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हितों की अनदेखी किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी।