हथिनीकुंड बैराज पर मंगलवार शाम प्रैक्टिस के दौरान यमुना नदी में डूबे सेना के दो जवानों में से महाराष्ट्र निवासी आर्यन पाटिल का शव जींद की हांसी ब्रांच नहर में बरामद हुआ है। शव मिलने के बाद सेना और प्रशासन ने उसकी पहचान आर्यन पाटिल के रूप में की है। वहीं, दूसरे लापता जवान अजय की तलाश में सेना और रेस्क्यू टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। मंगलवार शाम करीब पांच बजे वन पैरा स्पेशल फोर्स के पांच जवान चिनूक हेलिकॉप्टर से यमुना में खड़ी मोटर बोट पर कूदकर प्रैक्टिस कर रहे थे। जवानों के बोट में पहुंचने के बाद वह स्टार्ट नहीं हुई और अचानक डूबने लगी। इसके बाद सभी जवान लाइफ जैकेट और डाइविंग किट पहनकर पानी में कूद गए। इनमें से तीन जवान तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि महाराष्ट्र निवासी आर्यन पाटिल और जम्मू-कश्मीर के अखनूर निवासी अजय लापता हो गए। रात से ही सेना, हरियाणा और उत्तर प्रदेश एसडीआरएफ तथा स्थानीय गोताखोरों ने दोनों जवानों की तलाश शुरू कर दी थी। बुधवार को बैराज से करीब 15 किलोमीटर दूर उत्तर प्रदेश के बरथा कोरसी गांव के पास यमुना में एक जवान का शव मिला था। इसके बाद शव के बहाव के संभावित रास्ते को देखते हुए हरियाणा की नहरों में भी सर्च अभियान तेज कर दिया गया। सेना की टीमें पश्चिमी यमुना नहर और उससे निकलने वाली नहरों में करीब 80 किलोमीटर तक तलाश कर रही थीं। इसी दौरान जींद की हांसी ब्रांच नहर में आर्यन पाटिल का शव बरामद हुआ। शव मिलने से एक जवान की तलाश पूरी हो गई है, लेकिन दूसरे जवान अजय का अभी पता नहीं चला है। सेना की टीमें नहरों और संभावित बहाव वाले क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन जारी रखे हुए हैं।