डीसी डॉ. वैशाली शर्मा ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारी व कर्मचारी कार्यालय रिकॉर्ड का उचित रख-रखाव सुनिश्चित करें। बिना पूर्व स्वीकृति अवकाश पर रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। डीसी वीरवार को एसडीएम कार्यालय जुलाना और ई-दिशा केंद्र का औचक निरीक्षण कर रही थीं। उन्होंने कर्मचारियों की उपस्थिति, हाजिरी रजिस्टर और कार्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि कर्मचारी नियमित रूप से कार्यालय में उपस्थित रहें और आमजन के कार्यों को बिना अनावश्यक देरी के नियमानुसार पूरा करें। ई-दिशा केंद्र में डीसी ने कंप्यूटर ऑपरेटरों से विभिन्न सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने लैंड रिकॉर्ड को कंप्यूटर में दर्ज करने की प्रक्रिया और कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सरकारी रिकॉर्ड को सावधानी और पारदर्शिता से अपडेट किया जाए। साथ ही विभिन्न न्यायालयों में लंबित मामलों की स्थिति की जानकारी लेते हुए इनके समयबद्ध निपटारे के निर्देश दिए। धान की आवक से पहले मंडियों में पूरे हों इंतजाम डीसी ने एसडीएम होशियार सिंह को धान की आवक से पहले मंडियों का दौरा कर साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, सड़क और जल निकासी सहित सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बारिश के दौरान जलभराव वाले गांवों में पानी निकासी के पुख्ता प्रबंध करने को कहा। उन्होंने ई-दिशा केंद्र के कर्मचारियों को आमजन से शालीनता से पेश आने और लोगों को बार-बार कार्यालय के चक्कर न लगवाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर सरकारी सेवाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया। मौके पर एसडीएम होशियार सिंह, नायब तहसीलदार सिराज खान मौजूद रहे।