अपनी मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे सफाई कर्मचारियों ने रविवार को हड़ताल के 32वें दिन नगर परिषद गेट से प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने शहर की विभिन्न सड़कों से गुजरते हुए शहरवासियों से अपने आंदोलन में समर्थन देने की अपील की। प्रदर्शनकारी रेलवे रोड और नजारा-नारी रोड से होते हुए वापस नगर परिषद गेट पर पहुंचे और धरने पर बैठ गए। कर्मचारियों ने कहा कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से उनकी मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि सफाई कर्मचारियों की मांगों और संघर्ष को अपना समर्थन दें। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में 13 मई 2026 को हुए समझौते को लागू करना, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना, ठेका प्रथा समाप्त करना, हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के फैसलों को लागू करना तथा HKRN को भंग करना शामिल है। कर्मचारियों का कहना है कि 17 मांगों पर सहमति बनने के बावजूद सरकार की ओर से संबंधित पत्र जारी नहीं किया गया। प्रदर्शन की अध्यक्षता बहादुरगढ़ इकाई प्रधान राजेश बालगुहेर ने की, जबकि मंच संचालन सचिव अमित ने किया। इस दौरान जिला प्रधान राजेंद्र तूषामड, मुकेश बालगुहेर, लीला राम, अजय, ऊषा देवी, होशियार सिंह, सुनील, सरोज, संदीप टॉक सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे। ठेके पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों ने भी हड़ताल को समर्थन दिया।