बहादुरगढ़। ट्रैफिक नाकेबंदी के दौरान मोटरसाइकिल सवार युवकों को रोकने की कोशिश करना एक पुलिसकर्मी को भारी पड़ गया। बाइक सवार युवकों ने ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिस के एएसआई राकेश को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में एएसआई गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, ट्रैफिक पुलिस की टीम नाकेबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर दो युवक बिना हेलमेट के आते दिखाई दिए। पुलिसकर्मी ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन युवकों ने बाइक रोकने के बजाय एएसआई राकेश को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर गए और उनके सिर में गंभीर चोट आई। मृतक एएसआई राकेश खरखौदा के पिपली गांव के रहने वाले थे। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी मोटरसाइकिल सवार को पकड़ लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।