बेरी। मॉडल ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी व पिछले करीब एक साल से लंबित वॉशिंग अलाउंस का भुगतान नहीं होने के विरोध में सोमवार को बेरी अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ ने दो घंटे की हड़ताल की। हड़ताल के दौरान नर्सिंग स्टाफ ने अपनी मांगों को लेकर रोष जताया और सरकार से जल्द समाधान की मांग की। बेरी अस्पताल में सीनियर नर्सिंग ऑफिसर राजेश्वरी के नेतृत्व में नर्सिंग ऑफिसरों ने दो घंटे तक काम का बहिष्कार कर विरोध प्रदर्शन किया। नर्सिंग स्टाफ का कहना है कि वॉशिंग अलाउंस भी पिछले करीब एक वर्ष से लंबित है, मॉडल ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी को लेकर कर्मचारियों में रोष बना हुआ है। नर्सिंग ऑफिसरों ने बताया कि अपनी मांगों को लेकर वे पहले भी काले बिल्ले लगाकर विरोध जता चुके हैं, लेकिन अभी तक मांगों का समाधान नहीं हुआ है। कर्मचारियों का कहना है कि बार-बार मांग उठाने के बावजूद सरकार और विभाग की ओर से उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है। नर्सिंग स्टाफ ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को जल्द स्वीकार नहीं किया गया तो 10 अक्तूबर से ड्रेस का बहिष्कार कर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कर्मचारियों ने सरकार से मांग की कि मॉडल ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी को लागू करने के साथ-साथ लंबे समय से लंबित वॉशिंग अलाउंस का भुगतान जल्द किया जाए। नर्सिंग स्टाफ का कहना है कि वे मरीजों की सेवाओं को प्रभावित नहीं करना चाहते, लेकिन अपनी जायज मांगों को लेकर उन्हें मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। हड़ताल में नर्सिंग ऑफिसर स्वीटी, नेहा, ज्योति, नेहा धनखड़, शीतल, आशा, गरिमा, रेडियोग्राफर ज्योति, श्यामलाल मौजूद रहे।