झज्जर। विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाने के लिए जिला में विशेष अभियान जारी है। अभियान के दूसरे दिन रविवार को भी जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक मौजूद रहे। इस दौरान नागरिकों ने मतदाता सूची की जांच करने के साथ-साथ नाम जोड़ने, विवरण में संशोधन और अपात्र नाम हटाने से संबंधित दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराईं। नोटिस मिलने के बावजूद मतदाता बूथ पर नहीं पहुंच रहे हैं। बीएलओ की तरफ से मतदाताओं को बार-बार कॉल कर बुलाया जा रहा है। उसके बावजूद 50 प्रतिशत मतदाता ही पहुंच रहे हैं। यही नहीं रविवार को अभियान के दौरान एप भी बार-बार जवाब देता रहा और एप पर जानकारी अपलोड होने में दिक्कतें आई। इस कारण मतदाताओं को इंतजार करना पड़ा। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी संशोधित शैड्यूल के अनुरूप 30 सितंबर तक दावे व आपत्ति दर्ज करने का मौका दिया गया है जबकि 28 अक्तूबर तक दावे आपत्तियों का निपटान सुनिश्चित किया जाएगा। उसके बाद 6 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। वोटर लिस्ट से जुड़ी जानकारी हेल्पलाइन 1950 पर मिलेगी डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि मतदाता सूची से संबंधित किसी भी जानकारी या सहायता के लिए नागरिक संबंधित ईआरओ कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 के माध्यम से भी आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है। डीसी ने पात्र मतदाताओं से आगामी 30 सितंबर तक दावे व आपत्ति दर्ज कराते हुए त्रुटियां दुरुस्त करने के लिए प्रेरित किया।