झज्जर। जिला मुख्यालय स्थित बाल भवन परिसर में बाल महोत्सव के तीसरे दिन एसडीएम झज्जर रवि मीणा ने शिरकत की और विभिन्न प्रतियोगिताओं का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे के भीतर कोई न कोई विशेष प्रतिभा छिपी होती है। बाल महोत्सव जैसे आयोजन उस प्रतिभा को पहचानने, निखारने और सामने लाने का बेहतरीन अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि प्रतियोगिता में जीत हासिल करना अच्छी बात है, लेकिन पूरे जोश, लगन और मेहनत के साथ भाग लेना भी अपने आप में बहुत बड़ी उपलब्धि है। बाल महोत्सव 2026 के तीसरे दिन थाली सज्जा, कलश सज्जा, पोस्टर मेकिंग, ऑन द स्पॉट स्केचिंग, भाषण, समूह नृत्य और देशभक्ति से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता, कलात्मक कौशल और मंचीय प्रतिभा से सभी का ध्यान आकर्षित किया। इस अवसर पर प्रवक्ता संजय शर्मा, निशा रानी, हसला प्रधान कुलदीप नेहरा, कार्यक्रम अधिकारी अक्षमा रानी उपस्थित थे। प्रतियोगिताओं में एचडी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय साल्हावास के विद्यार्थियों ने 9 प्रतियोगिताओं में स्थान प्राप्त कर 5 में प्रथम, 3 में द्वितीय और 1 में तृतीय स्थान हासिल किया। निदेशक रमेश गुलिया व एक्टिविटी इंचार्ज कमलेश ढिल्लों ने बताया कि ग्रुप-2 (कक्षा छठी से आठवीं) के विद्यार्थियों ने देशभक्ति समूहगान, एकल गान, दीया/कैंडल मेकिंग प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर शानदार प्रदर्शन किया। वहीं ग्रुप-3 (कक्षा नौवीं एवं दसवीं) में कृश, सुपुत्र रमेश ने हरियाणवी रागनी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया। इसके अतिरिक्त ग्रुप-1 (कक्षा पहली से पांचवीं) की छात्रा रीतिका, सुपुत्री प्रदीप ने कार्ड मेकिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान प्राप्त करने वालों में ग्रुप-1 की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में निश्चय, समूह नृत्य में मुस्कान एंड पार्टी तथा ग्रुप-3 की रंगोली प्रतियोगिता में मानसी, सुपुत्री सुनील शामिल रहे। वहीं ग्रुप-1 की छात्रा प्रनीति ने क्ले मॉडलिंग प्रतियोगिता में तृतीय स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि पर सचिव विशाल नेहरा एवं हेमंत गुलिया, प्राचार्य प्रीति राठी ने सभी विजेता विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और मार्गदर्शक अध्यापकों को बधाई दी। जिला बाल कल्याण अधिकारी सुरेखा हुड्डा ने बताया कि शुक्रवार 6 नवंबर को चार दिवसीय बाल महोत्सव का समापन होगा। इसमें जिला के विभिन्न स्कूलों के लगभग 700 बच्चे भाग ले रहे हैं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को 14 नवंबर को आयोजित जिला स्तरीय बाल दिवस समारोह में सम्मानित किया जाएगा।