झज्जर। राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ढाकला में एनीमिया मुक्त हरियाणा अभियान के तहत खंड साल्हावास के शिक्षकों (हेल्थ एंबेसडर) को उन्मुखीकरण प्रशिक्षण दिया गया। विद्यालय के प्राचार्य वेद प्रकाश ने बताया कि खंड स्तरीय एनीमिया मुक्त हरियाणा अभियान के अंतर्गत खंड साल्हावास के कक्षा पहली से 12वीं तक पढ़ाने वाले लगभग 70 शिक्षकों (हेल्थ एंबेसडर) को उन्मुखीकरण प्रशिक्षण दिया गया। इस कार्य के लिए दो सदस्यीय डॉक्टर की टीम विद्यालय में उपस्थित हुई। टीम में डॉक्टर जतिन कुमार डीपीएफ, एनीमिया प्रोग्राम, संदीप कुमार काउंसलर उपस्थित हुए। विद्यालय के बड़े हॉल में फ्लेक्स, चार्ट, डिजिटल बोर्ड, लैपटॉप ,ब्लैक बोर्ड आदि लगा करके एनीमिया मुक्त जागरूकता अभियान के अंतर्गत एक छोटी प्रदर्शनी लगाई। डॉ. जतिन कुमार ने अध्यापकों को पीपीटी की सहायता से डिजिटल बोर्ड पर काफी विस्तार से बताया कि एनीमिया क्या है। एनीमिया के कारण क्या है। लक्षण क्या है। और एनीमिया को दूर करने के तरीके बताए गए। उन्होंने मुख्य रूप से खानपान, बच्चों के पेट के कृमि नियंत्रण तथा फोलिक एसिड की गोलियां आदि की जानकारी चित्रों सहित दी। उन्होंने बताया कि दो प्रकार की फोलिक एसिड की गोलियां (नीले व लाल रंग की) बच्चों को साप्ताहिक उनकी आयु के अनुसार दी जाती है। उन्होंने बताया कि यह गोलियां बच्चों को खाली पेट नहीं दी जाती है। खाना खाने के बाद दी जाती हैं। अगर कोई बच्चा बीमार है तो भी ये गोलियां नहीं दी जाती हैं। बच्चों का वर्ष में एक या दो बार एचबी का टेस्ट जरूर करवाना चाहिए।