बहादुरगढ़। दिल्ली-रोहतक रोड पर दहकोरा गांव में रोहद रोड पर स्थित कपीवास डिसेंट कंपनी में वेल्डिंग का काम करते वक्त हाइड्रोलिक कंप्रैशर फट गया। इससे पिता-पुत्र सहित तीन श्रमिक बुरी तरह से झुलस गए। घटना बुधवार दोपहर करीब सवा 12 बजे की है। तीनों श्रमिकों को डायल 112 की टीम द्वारा बहादुरगढ़ के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। जहां तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया है। इसमें दो श्रमिकों की हालत चिंताजनक है। फिलहाल इस संबंध में मामला दर्ज होने की पुष्टि नहीं हुई है। हादसा कैसे हुआ यह जांच विषय है। घायलों की पहचान मूल रूप से उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ एवं हाल निवासी छोटूराम नगर मोहित (21), सुभाष (42) निवासी दहकोरा और राजेश (38) निवासी छोटूराम नगर, लाइनपार घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार राजेश अपने परिवार सहित छोटूराम नगर में रहता है। राजेश व उनका बेटा मोहित दहकोरा मोड स्थित एक फैक्टरी में काम करते है, जबकि सुभाष फैक्टरी में ही रहते है। बताया गया है कि फैक्टरी में प्रेसिंग का काम (लोहा दबाने) का होता है। मोहित के अनुसार सुबह करीब 10 बजे जब वे काम कर रहे थे तो अचानक मशीन पर लगा कंप्रैशर फट गया। इस हादसे में राजेश का पूरा शरीर झुलस गया, जबकि सुभाष को भी गंभीर चोट आई है। मोहित का हाथ झुलस गया। कंप्रैशर फटते ही फैक्टरी परिसर में हडकंप मच गया। साथी कर्मचारियों ने राजेश, सुभाष व मोहित को संभाला। इसकी सूचना किसी ने डायल 112 पर दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को उपचार के लिए शहर के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। जहां तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया। इसमें राजेश व सुभाष की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। हादसे के पीछे क्या कारण रहे, इसका सही पता पुलिस जांच व घायल के बयान दर्ज होने की बाद की पता चल पाएगा। दहकोरा गांव में स्थित एक कंपनी में वेल्डिंग का काम करते समय कंप्रेशर फट गया। हादसे में घायल हुए श्रमिकों को रोहतक के पीजीआई में भर्ती कराया गया है। घायल बयान देने की स्थिति में नहीं है। उनके बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। -जयभगवान, एसएचओ, थाना आसौदा, बहादुरगढ़।